गोवर्धनपुर पुल निर्माण में तकनीकी स्वीकृति के बावजूद देरी का खतरा

13.51 करोड़ की मंजूरी मिली, लेकिन भू-अर्जन और टेंडर प्रक्रिया में बाधाओं के कारण काम शुरू होने में महीनों लग सकते हैं

रायगढ़/गोवर्धनपुर। गोवर्धनपुर में नए पुल के निर्माण के लिए 13 करोड़ 51 लाख 90 हजार रुपए की तकनीकी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। हालांकि, भू-अर्जन की अधूरी प्रक्रिया और टेंडर प्रक्रिया में विलंब के कारण पुल का निर्माण अभी शुरू नहीं हो सका है।

सेतु विभाग की फाइल मंजूर होने के बाद भी टेंडर प्रक्रिया में लगभग 2–3 महीने का समय लगेगा। इसके बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जा सकेगा। पुराने पुल की मरम्मत कार्य को लेकर पहले आठ बार टेंडर जारी किए गए, लेकिन ठेकेदार अयोग्य पाए गए।

पुल के बंद होने से स्थानीय वाहन मालिक, आसपास की कंपनियां और हजारों मजदूर प्रभावित हो रहे हैं। पुराने पुल की मरम्मत से अस्थायी राहत मिल सकेगी, लेकिन इसके पूरी तरह तैयार होने और भारी वाहनों के संचालन के लिए विभागीय मानकों पर खरा उतरना आवश्यक है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, नए पुल निर्माण में छह परिवारों की जमीन प्रभावित हो रही है, लेकिन अब तक केवल दो का भू-अर्जन पूरा हुआ है। शेष चार परिवारों के भू-अर्जन के बिना निर्माण कार्य जल्द शुरू होना मुश्किल है।

इस वजह से गोवर्धनपुर पुल का निर्माण अब लंबित परियोजना बन गया है और स्थानीय लोगों, मजदूरों तथा व्यवसायों पर इसका असर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button