छत्तीसगढ़रायगढ़

धरमजयगढ़ में कल होगा राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह, नितिन नवीन होंगे मुख्य अतिथि

रायगढ़, 14 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा। समारोह में राज्यसभा सांसद श्री नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय अध्यक्षता करेंगे।

समारोह की मुख्य बातें

  • 15 नवंबर को सुबह 10 बजे से धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजन।
  • राज्यसभा सांसद नितिन नवीन होंगे मुख्य अतिथि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे अध्यक्षता।
  • जनजातीय लोक नृत्य, कला, हस्तशिल्प और विकास प्रदर्शनी रहेगी आकर्षण।
  • लोक नृत्य और फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित।

कई मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास एवं तकनीकी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब तथा संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल शामिल होंगे।

इसके अलावा रायगढ़ सांसद श्री राधेश्याम राठिया, सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज, बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग और राज्यसभा सांसद श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह सहित छत्तीसगढ़ शासन के अन्य जनप्रतिनिधि, निगम-मंडल एवं आयोग के प्रतिनिधि तथा जिला पंचायत के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहेंगे। जनजातीय समाज के प्रमुखों को भी विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

लोक संस्कृति, नृत्य और हस्तशिल्प का होगा प्रदर्शन

समारोह में उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव और शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय जनजातीय विकास प्रदर्शनी और क्राफ्ट मेले में जनजातीय समुदाय की कला, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान बैगा पुजारी सम्मान निधि योजना की राशि का सांकेतिक अंतरण भी होगा।

इस अवसर पर प्रमुख जनजाति एवं उप जनजाति प्रमुखों का सम्मान, राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण और जनजातीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान किया जाएगा। अन्य राज्यों के जनजातीय लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां भी समारोह का हिस्सा रहेंगी।

लोक नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिलेंगे पुरस्कार

राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ क्षेत्र लोक नृत्य महोत्सव में रायगढ़ जिले के विकासखंड रायगढ़ के मोहिनीपुर चंवरपुर के कर्मा लोक नृत्य दल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। दल को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। सूरजपुर जिले के पारंपरिक कर्मा दल को द्वितीय पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये और सरगुजा जिले के जय शिव शारदा कर्मा पार्टी को तृतीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव में कोंडागांव जिले के लिंगो घोटुल माटी मांदरी नृत्य दल को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, धमतरी जिले की गढ़िया बाबा आदिवासी लोक नृत्य सेवा समिति को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये और जशपुर जिले के जय मातादी करमा दल, टाटीडांड को तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

जनजातीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान

जनजातीय गौरव दिवस 2026 के अवसर पर आदिमजाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान की ओर से 12 नवंबर को आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। जनजातीय जीवन, संस्कृति और परंपराओं पर केंद्रित इस प्रतियोगिता में 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।

प्रतियोगिता में कोंडागांव जिले के श्री पंकज शोरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्हें 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। बस्तर के श्री फूलसिंह नाग द्वितीय स्थान पर रहे, जिन्हें 20 हजार रुपये मिलेंगे। बस्तर के ही श्री संदीप बघेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है, उन्हें 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

धरमजयगढ़ में आयोजित यह राज्य स्तरीय समारोह भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय समाज के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कलाओं और प्रतिभाओं को सम्मानित करने का अवसर होगा।

संबंधित खबरें

Show More
Back to top button