
रायगढ़, 24 दिसम्बर 2025/ जिले के पाँच दिव्यांगजनों के लिए मंगलवार का दिन खुशियों और आत्मविश्वास से भरा रहा, जब उन्हें प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम तथा वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के हाथों सहायक उपकरण प्राप्त हुए। इस अवसर ने न केवल उनके दैनिक जीवन को आसान बनाने का मार्ग प्रशस्त किया, बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का नया हौसला भी दिया।
नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तीन दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, एक को व्हीलचेयर और एक को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के लिए शासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन जी सकें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार के दो वर्ष पूरे हो चुके हैं और इस अवधि में विकास के साथ-साथ कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को प्राथमिकता दी गई है। सरकार का संकल्प है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने दिव्यांगजनों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि दिव्यांगजन किसी भी तरह से कमज़ोर नहीं होते, बल्कि उनमें अपार प्रतिभा और क्षमता होती है। यदि वे आत्मविश्वास और मेहनत के साथ आगे बढ़ें, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। शासन और प्रशासन उनके साथ खड़ा है और हर संभव सहयोग करता रहेगा।
लाभार्थियों ने बताया कि ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर मिलने से अब उनका आवागमन आसान होगा और वे अपने दैनिक कार्य स्वतंत्र रूप से कर सकेंगे। श्रवण यंत्र प्राप्त हितग्राही ने कहा कि इससे संवाद बेहतर होगा और सामाजिक जीवन में सहभागिता बढ़ेगी। सभी ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक श्री शिवशंकर पांडेय ने जानकारी दी कि विभिन्न श्रेणियों के दिव्यांगजनों को आवश्यकता के अनुसार उपकरण प्रदान किए गए हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




