जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह ने योजनाओं की समीक्षा बैठक ली, समाधान शिविरों में शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला पंचायत सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक आयोजित कर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने सुशासन तिहार अंतर्गत ग्राम पंचायतों में आयोजित हो रहे समाधान शिविरों में प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों में आवेदनों के निपटारे की सार्वजनिक रूप से वाचन भी किया जाए।

योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

[img-slider id="274450"]


सीईओ ने पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों का प्राक्कलन दो दिवस के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ओडीएफ घोषित ग्रामों के पुनः सत्यापन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने को कहा। साथ ही, उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए ग्रामों में सोख्ता गड्ढों, तालाबों, नालियों और बोरिंग के आसपास निरंतर सफाई की निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

जल प्रबंधन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष ध्यान

जिले में चल रहे ग्रे-वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के 23 कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए सुश्री सिंह ने ग्राम जोरातराई एवं बरगा में निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की अद्यतन जानकारी ब्लॉक समन्वयक से माँगी। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर उन्होंने कचरा जलाने वालों पर अर्थदंड लगाने और एसएलडब्ल्यूएम केंद्रों को नियमित अंतराल पर अनिवार्य रूप से खाली कराने के निर्देश भी दिए।

मॉडल ग्राम एवं प्रधानमंत्री आवास योजना पर बल

प्रत्येक ब्लॉक के चिन्हांकित ग्राम पंचायत को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। प्लीथ लेवल तक पहुंच चुके आवासों का जीओ टैग प्राथमिकता से पूर्ण करने की बात कही गई और इसमें रुचि न लेने वाले आवास मित्रों पर कार्रवाई के संकेत दिए।

मनरेगा और अन्य योजनाओं पर चर्चा

मनरेगा के तहत वर्षा पूर्व जल संचयन कार्यों जैसे बोरी बंधान को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, इजेक्शन वाले और रिचार्ज शाफ्ट के एस्टीमेट समय-सीमा में भेजने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। पीएमश्री योजना के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए तत्काल क्रियान्वयन आरंभ करने और अटल सुविधा केंद्रों के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अन्य योजनाओं की भी समीक्षा

बैठक में पीएम विश्वकर्मा योजना, आयुष्मान कार्ड, ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) सहित कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत, जनपद पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह बैठक ग्रामीण विकास की दिशा में समर्पित प्रयासों की प्रगति की समीक्षा और आगे की कार्ययोजना के निर्धारण हेतु महत्वपूर्ण साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button