सरस्वती शिशु मंदिर गैंदाटोला के वार्षिक उत्सव में शामिल हुए जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा

मेहनत ही सफलता की कुंजी, सपनों को सच करने की यही मंज़िल : संजय सिन्हा

छुरिया — छुरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत गैंदाटोला स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत गैंदाटोला की सरपंच श्रीमती उषा कमल नारायण गुप्ता ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत छुरिया की सभापति श्रीमती विष्णु हेमीन साहू, शाला समिति अध्यक्ष डॉ. प्रकाश शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण, पालक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें नृत्य, संगीत, नाटक एवं भाषण शामिल रहे। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर उपस्थित अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।मुख्य अतिथि संजय सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर जैसे विद्यालय न केवल शिक्षा प्रदान करते हैं, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं।

उन्होंने कहा कि मेहनत ही सफलता की कुंजी है और सपनों को सच करने की यही मंज़िल है। विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।श्रीमती विष्णु हेमीन साहू ने कहा कि मंच पर प्रस्तुत सभी कार्यक्रम विद्यार्थियों की लगन, मेहनत और रचनात्मकता का प्रतीक हैं। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक ही बच्चों को सही दिशा दिखाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।

शाला समिति अध्यक्ष डॉ. प्रकाश शर्मा ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन को सुंदर और सफल बनाने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश और समाज के लिए अच्छे नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राजेश्वर ध्रुवे अध्यक्ष, रानी सुर्यमुखी देवी शासकीय महाविद्यालय छुरिया, टीकम साहू समाजसेवी, चेतन साहू प्रधानाचार्य सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों का सम्मान किया गया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button