
कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला, फ्यूल टैंक में लगी आग
खाड़ी देश कुवैत में स्थित कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार को एक ड्रोन हमले में फ्यूल टैंक को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई। कुवैत के उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, इस हमले के बाद आग लग गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि नुकसान सीमित स्तर का है और स्थिति को तुरंत नियंत्रण में ले लिया गया।
आपातकालीन सेवाओं ने संभाली स्थिति
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के प्रवक्ता अब्दुल्ला अल-राजही ने बताया कि घटना के तुरंत बाद संबंधित एजेंसियों ने आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किए। दमकलकर्मियों को मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पा लिया गया। प्रशासन ने इस हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है ताकि एयरपोर्ट की गतिविधियों पर कोई बड़ा असर न पड़े।
पहले भी निशाने पर रहा एयरपोर्ट
यह पहली बार नहीं है जब कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया हो। 8 मार्च और 14 मार्च को भी ड्रोन हमलों की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें एयरपोर्ट के रडार सिस्टम और ईंधन टैंकों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। हालांकि इन हमलों में भी किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई थी, लेकिन कुछ मामलों में मामूली नुकसान जरूर हुआ था।
क्षेत्रीय तनाव के बीच बढ़ते हमले
रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के बाद खाड़ी क्षेत्र में ऐसी घटनाओं में इजाफा हुआ है। पिछले कुछ हफ्तों में ड्रोन हमलों के जरिए रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं और निगरानी बढ़ा दी गई है।
