भिलाई निगम के जोन-5 में ड्रोन सर्वे शुरू, संपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड होगा तैयार

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में संपत्तियों के सटीक निर्धारण और डेटा अद्यतन के उद्देश्य से जोन क्रमांक-5 में ड्रोन सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से किए जा रहे इस सर्वे से क्षेत्र की संपत्तियों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा।

निगम प्रशासन के अनुसार ड्रोन से उच्च-रिजॉल्यूशन इमेजरी के जरिए भवनों, भूखंडों और निर्मित क्षेत्र का सटीक मापन किया जाएगा। इससे संपत्ति कर निर्धारण में पारदर्शिता आएगी और रिकॉर्ड में मौजूद विसंगतियों को दूर करने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि सर्वे के बाद डिजिटल मानचित्र और अद्यतन डाटाबेस तैयार किया जाएगा, जिससे राजस्व वसूली की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगी। साथ ही अवैध निर्माण और कर चोरी की पहचान भी आसान होगी।

निगम ने नागरिकों से सर्वे कार्य में सहयोग करने और किसी भी तरह की भ्रांति से बचने की अपील की है। ड्रोन सर्वे को शहरी प्रशासन में तकनीकी सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button