ड्रग्स ओवरडोज या हत्या? पुलिस मामले की जांच में जुटी

रायपुर। रिस्पना किनारे खंडहर में 26 वर्षीय युवती शिवानी अरोरा का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना रायपुर थाना क्षेत्र के चूना भट्टा इलाके की है। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई है, लेकिन युवती के शरीर पर चोट के निशान पाए जाने के कारण हत्या की संभावना को भी खारिज नहीं किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर को चूना भट्टा के पास एक खंडहरनुमा मकान में शव मिलने की सूचना पर रायपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतका शिवानी अरोरा पंचपुरी सूरज बस्ती, अधोईवाला थाना रायपुर की निवासी थी। बताया गया है कि शिवानी की शादी चार साल पहले हुई थी और वह लंबे समय से नशे की आदी थी। तीन बार वह नशा मुक्ति केंद्र जा चुकी थी और परिवार उसे फिर से हरिद्वार स्थित नशा मुक्ति केंद्र भेजने की तैयारी कर रहा था।

शिवानी पिछले तीन-चार दिनों से घर नहीं लौटी थी। घटनास्थल पर पंचनामा कर एफएसएल टीम ने साक्ष्य संकलन किया। पुलिस ने बताया कि मृतका की आंखों और पैरों में चोट के निशान हैं, इसलिए मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button