जवानों में बढ़ रहा Kidney Stone का खतरा: क्या ये किडनी कैंसर तक ले जा सकता है? जानिए विशेषज्ञ की राय
आज के दौर में गलत खानपान, पर्याप्त पानी न पीना और खराब लाइफस्टाइल के कारण किडनी स्टोन (Kidney Stone) की समस्या तेजी से बढ़ रही है। पहले यह समस्या ज्यादातर 40-50 साल की उम्र में देखी जाती थी, लेकिन अब 20-25 साल के युवा भी इसका शिकार बन रहे हैं। छोटे स्टोन दवाओं से हटाए जा सकते हैं, जबकि बड़े स्टोन के लिए अक्सर ऑपरेशन की आवश्यकता पड़ती है।
क्या Kidney Stone से बढ़ सकता है किडनी कैंसर का खतरा?
किडनी स्टोन तब बनते हैं जब शरीर में पानी की कमी होती है या पेशाब में कैल्शियम, ऑक्सलेट और यूरिक एसिड जैसे पदार्थ जमा हो जाते हैं। वहीं किडनी कैंसर तब होता है जब किडनी की कोशिकाएं असामान्य रूप से बढ़ने लगती हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक किडनी स्टोन को अनदेखा करना किडनी कैंसर के खतरे को बढ़ा सकता है। पथरी के कारण होने वाली पुरानी सूजन (inflammation) और जलन कोशिकाओं के डीएनए को नुकसान पहुंचा सकती है, जिससे कैंसर का जोखिम लगभग दोगुना हो जाता है।
समय पर इलाज ही सबसे सुरक्षित उपाय
यदि आप किडनी स्टोन की समस्या से पीड़ित हैं और इलाज टाल रहे हैं, तो यह खतरनाक साबित हो सकता है। दर्द होने तक इंतजार करना सही नहीं है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि समय रहते डॉक्टर से परामर्श लें और नियमित जांच करवाएं।
पुरुषों को ज्यादा खतरा, महिलाओं को सावधानी की जरूरत
किडनी कैंसर उम्र या लिंग देखकर नहीं होता, लेकिन पुरुषों में इसका खतरा महिलाओं की तुलना में लगभग दोगुना है।
धूम्रपान करने वाले और जहरीले केमिकल्स के संपर्क में काम करने वाले लोगों में किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों, यहां तक कि कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, बार-बार यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन (UTI) या योनि संक्रमण वाली महिलाओं को समय-समय पर डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए, ताकि किडनी की समस्या का समय पर पता चल सके।
सावधानी और हेल्दी लाइफस्टाइल ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच
- पर्याप्त पानी पीना
- संतुलित और हेल्दी डाइट अपनाना
- धूम्रपान और शराब से दूरी
- नियमित जांच और डॉक्टर की सलाह
ये छोटे कदम किडनी स्टोन और कैंसर जैसी गंभीर समस्याओं से बचाव में मदद कर सकते हैं।




