Durg News: बारातियों पर चाकू से हमले में सात घायल, स्कूटी से बच्चे को ठोकर लगने के बाद शुरू हुआ था विवाद

शक्ति नगर दुर्ग के मानस भवन में विवाह समारोह के लिए डोंगरगढ़ से बारात पहुंची थी। रात में डीजे की धुन पर नाच रहे सैय्यद खान, नकीन खान, आसिफ खान, कलीम बेग, अलीम खान, सरफराज खान और एक अन्य युवक पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला किया।

दुर्ग के शक्ति नगर में आए बारातियों पर क्षेत्र के कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। सभी बाराती डोंगरगढ़ से आए थे। सभी बाराती डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार एक व्यक्ति वहां से गुजरा। उसके गुजरते समय स्कूटी एक बच्चे से टकरा गई। इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। इसके बाद कुछ लोगों ने चाकू निकालकर बारातियों पर हमला कर दिया। घटना में सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो लोगों की हालत गंभीर है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शक्ति नगर में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार शक्ति नगर दुर्ग के मानस भवन में विवाह समारोह आयोजित था। डोंगरगढ़ से बारात दुर्ग पहुंची थी। रात में करीब 09:15 बजे डीजे की धुन पर नाच रहे सैय्यद खान, नकीन खान, आसिफ खान, कलीम बेग, अलीम खान, सरफराज खान और एक अन्य युवक पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। स्कूटी से बच्चे को ठोकर लगने की बात को लेकर बारातियों और आसपास के लोगों के बीच विवाद हुआ था और यही विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की और चार आरोपितों जितेंद्र उर्फ प्रिंस सोनी (19), प्रद्युम्न वर्मा उर्फ डब्बू (18), टामेश्वर निर्मलकर उर्फ टोमू (20) सभी न्यू शांति नगर निवासी और नोहर साहू उर्फ रोबिन (19) को निवासी सिकोला बस्ती दुर्ग को गिरफ्तार किया। पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है। इस घटना में कुछ और भी लोग शामिल हैं। जिनकी तलाश जारी है।

नशेड़ी और बदमाश किस्म के सभी आरोपित

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपित नशेड़ी और बदमाश किस्म के हैं। बच्चे को स्कूटी से ठोकर लगने की बात पर शुरू हुए विवाद को आरोपितों ने तूल दिया था। सभी आरोपित चाकू लेकर ही घूम रहे थे। विवाद के बाद उन्होंने चाकू निकाला और बारातियों पर वार करना शुरू कर दिया। चाकूबाजी की इस घटना के बाद शक्ति नगर में काफी तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी। घराती और बाराती सभी एकजूट होकर जिला अस्पताल पहुंच गए थे। साथ ही शक्ति नगर का माहौल भी काफी ज्यादा गर्म हो गया था। स्थिति को संभालने के लिए शक्ति नगर और जिला अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा था। पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति नियंत्रित हो गई थी और सुबह तक पुलिस ने चार आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button