
रायपुर। प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इसके अनुसार प्रदेश में कुल 1,87,30,914 मतदाता पंजीकृत हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की जानकारी के अनुसार, इस प्रक्रिया की शुरुआत 27 अक्टूबर 2025 से हुई थी और यह लगभग चार महीने तक चली। प्रारूप सूची से पहले प्रदेश में मतदाताओं की संख्या 2,12,30,737 थी। एसआईआर के दौरान मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं को हटाया गया, जिससे कुल 24,99,823 मतदाता कम हुए।
अंतिम सूची में वृद्धि
प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद मतदाताओं की संख्या 1,84,59,920 थी। दावे और आपत्तियों का निराकरण करने के बाद अंतिम सूची में 2,44,994 मतदाताओं की वृद्धि हुई।
जिलावार मतदाता संख्या
- रायपुर: 13,93,967
- सुकमा: 1,54,539
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया में 27,000 से अधिक बीएलओ और 48,000 से अधिक बूथ लेवल एजेंट व स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान मतदाताओं से नवीनतम फोटो भी सूची में प्रकाशित की गई।
नाम जोड़ने या सुधारने की प्रक्रिया
यदि किसी मतदाता का नाम अंतिम सूची में नहीं है, तो वे फॉर्म-6 भरकर आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर आवेदन कर सकते हैं। वहीं, सूची में किसी जानकारी में गलती होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से ऑनलाइन या ऑफलाइन सुधार किया जा सकता है।
अंतिम मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की वेबसाइट और वोटर पोर्टल पर अवलोकन के लिए उपलब्ध है।




