जेल में कैदियों के लिए वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित

2 Min Read

बचत, निवेश और बीमा योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

रायगढ़, 26 फरवरी 2026/ अग्रणी बैंक कार्यालय रायगढ़ द्वारा जिला जेल में कैदियों के लिए वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कैदियों को बुनियादी वित्तीय ज्ञान प्रदान कर उन्हें भविष्य के लिए आर्थिक रूप से सक्षम और जागरूक बनाना रहा।

कैंप के दौरान प्रतिभागियों को बजट बनाना, नियमित बचत, सुरक्षित निवेश, कर्ज प्रबंधन, ब्याज दरों की समझ तथा जोखिम प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से बैंक की सावधि जमा (एफडी) एवं आवर्ती जमा (आरडी) जैसी कम जोखिम और सुरक्षित निवेश विकल्पों के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम में यह भी समझाया गया कि कम से कम तीन माह के आवश्यक मासिक खर्च के बराबर राशि बचत खाते में सुरक्षित रखना चाहिए तथा शेष बचत को सावधि जमा में निवेश करने से बेहतर रिटर्न प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा बैंक खातों में नामांकन (नॉमिनी) सुविधा के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया, ताकि किसी आकस्मिक परिस्थिति में परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

इस अवसर पर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना की जानकारी साझा की गई और पात्र हितग्राहियों को इन योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम की सराहना करते हुए उप-जेल अधीक्षक श्री जी.एस. शोरी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन कैदियों के पुनर्वास और भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का सुझाव दिया। कार्यक्रम में श्री कमल किशोर सिंह, अग्रणी बैंक प्रबंधक एवं श्री राज कुमार शर्मा, वित्तीय साक्षरता परामर्शदाता सहित जेल प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment