Hockey World Cup 2023: 24 दिसंबर को रायपुर आएगी ट्राफी, सीएम करेंगे अनावरण, गाजे-बाजे के साथ आम जनता के बीच होगा प्रदर्शित

बैंगलोर से ट्राफी सुबह नौ बजे फ्लाइट से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुचेगी। ट्राफी का अनावरण भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किया जाएगा।

फेडरेशन आफ इंटरनेशनल हाकी (एफआइएच) ओडिशा मेंस वर्ल्ड कप का आयोजन 13 से 29 जनवरी 2023 तक ओडिशा के भुवनेश्वर व राउरकेला में आयोजित है। ट्राफी को हाकी इंडिया नई दिल्ली द्वारा देश के विभिन्न 16 राज्यों में ले जाया जा रहा है। जो अपने अंतिम पढ़ाव में 24 दिसंबर 2022 को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंच रही है। बता दें पहली बार इंटरनेशनल हाकी का वर्ल्ड कप ओडिशा में आयोजित किया जा रहा है। वहीं ओडिशा के भुवनेश्वर व राउरकेला में हाकी का अलग ही क्रेज देखने को मिल रहा है। ओडिशा सरकार ने हाकी को लेकर पूरे शहर को एक त्योहार की तरह सजा दिया है।

छत्तीसगढ़ हाकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया की यह पहला मौका है जब हाकी वर्ल्ड कप की ट्राफी रायपुर आ रही है। इसके पूर्व 23 दिसंबर को फील्ड मार्सल के एम करिअप्पा स्टेडियम बैंग्लोर (कर्नाटक) में एक भव्य समारोह में ट्राफी को छत्तीसगढ़ हाकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी को सौंपा जाएगा। अंसारी बैंगलोर से ट्राफी लेकर सुबह नौ बजे फ्लाइट से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुचेंगे। जंहा बाजे गाजे के साथ ट्राफी का स्वागत किया जाएगा।

वहां से ट्रॉफी को लेकर समस्त खिलाड़ी और खेल संघ के पदाधिकारी सुबह साढे दस बजे मुख्यमंत्री निवास पहुचेंगे। जहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मुख्य आतिथ्य और प्रदेश के खेल मंत्री उमेश पटेल की अध्यक्षता सहित विभिन्न अतिथियों की उपस्थिति में ट्राफी के स्वागत के लिए मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। साथ ही ट्राफी का अनावरण भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किया जाएगा। इसके बाद ट्राफी को रैली के रूप में शहर के नेताजी सुभाष स्टेडियम ले जाया जाएगा। वहां से शहर के एक बड़े माल और तेलीबांधा मरीन ड्राइव में आमजनता के लिए प्रदर्शन के लिए ले जाएंगे। प्रदर्शन के बाद ट्राफी विश्व कप आयोजन स्थल भुवनेश्वर के लिए रवाना होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button