
राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत विधानसभा रोड पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक और साइकिल सवार पति-पत्नी तीनों दूर जा गिरे।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तीनों सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़े थे। गंभीर चोटों के चलते तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




