
बीजापुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार सुबह नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जिले के भोपालपट्टनम थाना क्षेत्र के उल्लूर जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED ब्लास्ट में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) का जवान दिनेश नाग (38) शहीद हो गया। वहीं इस घटना में तीन अन्य जवान घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, जवानों की टीम नक्सलियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी, तभी यह हादसा हुआ। ब्लास्ट के बाद घायल जवानों को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर है, लेकिन बेहतर इलाज के लिए उन्हें जगदलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा सकता है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
शहीद को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
शहीद जवान दिनेश नाग को बीजापुर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उन्हें शहीद वाटिका में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
दिनेश नाग अपने पीछे पत्नी और 8 साल के बेटे को छोड़ गए हैं। सबसे दुखद यह है कि उनकी पत्नी पूजा इस समय चार माह की गर्भवती हैं। परिवार पर इस हादसे का गहरा असर पड़ा है।
हाल के अभियानों में सुरक्षाबलों की सफलताएं
बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों द्वारा चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों में हाल के हफ्तों में कई सफलताएं मिली हैं।
6 अगस्त को गंगालूर क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया था और उसके पास से हथियार बरामद किए गए थे।
बीजापुर में हाल ही में 9 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिनमें एक महिला नक्सली भी शामिल थी। इनमें से 6 नक्सलियों पर कुल 24 लाख रुपए का इनाम घोषित था (एक पर 8 लाख, दो पर 5-5 लाख और तीन पर 2-2 लाख)।
इससे पहले 26 जुलाई को बासागुड़ा क्षेत्र में मुठभेड़ में 17 लाख के इनामी 4 नक्सली (दो महिला और दो पुरुष) मारे गए थे। उनके पास से बड़ी संख्या में हथियार, INSAS और SLR राइफलें तथा विस्फोटक बरामद किए गए थे। यह कार्रवाई पुलिस को दक्षिण-पश्चिम बीजापुर के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर की गई थी।












