
30 पूर्व माध्यमिक शालाओं के भवन निर्माण के लिए 3.55 करोड़ की राशि स्वीकृत
रायपुर । राज्य शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत 30 पूर्व माध्यमिक शालाओं के लिए 3.55 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इन शालाओं में जशपुर, कोण्डागांव, बीजापुर, बस्तर, कांकेर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कोरबा, सूरजपुर और सरगुजा जिले शामिल हैं। प्रत्येक शाला के लिए लगभग 11.84 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
32 प्राथमिक शालाओं के लिए 3.67 करोड़ की स्वीकृति, शिक्षा की नींव मजबूत
इसी प्रकार 32 प्राथमिक शालाओं के नवीन भवन निर्माण के लिए 3.67 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें जशपुर, बस्तर, कोण्डागांव, कांकेर, सुकमा, बीजापुर, गरियाबंद, सूरजपुर, कोरबा, बलरामपुर और रायगढ़ जिले की प्राथमिक शालाएं शामिल हैं। प्रत्येक शाला के निर्माण के लिए 11.48 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
निविदा प्रक्रिया और भूमि आबंटन के बाद निर्माण कार्य शुरू
शासन ने स्पष्ट किया है कि भूमि आबंटन के पश्चात भवन निर्माण हेतु निविदा प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी और सभी कार्यों का व्यय विवरण अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।
दूरस्थ एवं अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों में शिक्षा की बुनियादी सुविधाओं में सुधार
इस पहल से दूरस्थ एवं आदिवासी बहुल क्षेत्रों में शिक्षा का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। नवीन भवन निर्माण से छात्रों को बेहतर कक्षा, अध्ययन सामग्री और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संभव होगा।




