
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 फरवरी 2026। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले के लंबित राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों, एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि राजस्व मामलों का समय-सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
एक-दो वर्ष से लंबित प्रकरणों पर विशेष जोर
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक वर्ष और दो वर्ष से लंबित राजस्व प्रकरणों में शीघ्र पेशी तिथि तय कर अधिकतम दो माह के भीतर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रकरण निर्धारित समय-सीमा से बाहर नहीं जाना चाहिए।
नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित सभी प्रकरणों की समीक्षा
बैठक में अविवादित एवं विवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, त्रुटि सुधार, भू-अर्जन, डायवर्सन सहित विभिन्न प्रकार के राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने नक्शा बटांकन कार्य की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए अभियान चलाकर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अवैध रेत उत्खनन पर संयुक्त कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की सूचना मिलने पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शासकीय संस्थानों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर
एसडीएम और तहसीलदारों को पीडीएस राशन दुकान, आश्रम-छात्रावास, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
दांडिक प्रकरणों व पंचायत पदाधिकारियों पर कार्रवाई
कलेक्टर ने दांडिक प्रकरणों (धारा 607, 116, 151) की समीक्षा करते हुए पंचायतों में अनियमितता करने वाले सरपंच एवं पंचायत पदाधिकारियों पर धारा 40 एवं धारा 92 के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।
शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाओ अभियान
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को शासकीय भूमि, स्कूल परिसर, खेल मैदान और शमशान घाटों पर अतिक्रमण हटाने हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि नए अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में पनपने न दिया जाए, और यदि अतिक्रमण होता है तो तत्काल कार्रवाई की जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर एस.के. टंडन, एसडीएम वर्षा बसंल, प्रफुल्ल रजक, डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू, शिक्षा शर्मा सहित सभी तहसीलदार उपस्थित रहे।




