रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर 18 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

रायगढ़, 9 मई 2026: रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के बाहर से करीब 18 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जो ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश जा रहे थे।

कार्रवाई थाना कोतवाली, साइबर थाना और रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा और मोबाइल फोन समेत करीब 1 लाख 79 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।


रेलवे स्टेशन पार्किंग में मिली सूचना

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायगढ़ रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग क्षेत्र में शिव मंदिर के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर बैठे हुए हैं और उनके पास मादक पदार्थ मौजूद है।

सूचना मिलते ही संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।


बैग और ट्रॉली में छिपाकर रखा था गांजा

तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग बैगों और ट्रॉली बैग से कुल 17.726 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 लाख 76 हजार रुपये बताई गई है।

इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से दो कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।


मध्यप्रदेश में बिक्री की थी तैयारी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के कंधमाल जिले से गांजा खरीदकर मध्यप्रदेश के खुरई में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। वे ट्रेन से रायगढ़ पहुंचे थे और आगे जाने के लिए वाहन की तलाश कर रहे थे।

पुलिस को आरोपियों के पास से गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला।


तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिद्धांत गोन्डा, कश्यप साहनी और चंद्रिका साहनी निवासी जिला कंधमाल, ओडिशा के रूप में हुई है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस: एसएसपी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

Back to top button