JASHPUR : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, कलेक्टर ने की समीक्षा बैठक

जशपुरनगर।

[img-slider id="274450"]
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने विद्युत विभाग, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) तथा योजना से जुड़े वेंडर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से आम नागरिकों को स्वच्छ, सस्ती एवं पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भी उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजना की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने और अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वीकृत प्रकरणों में सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना शीघ्र पूर्ण कराई जाए तथा बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया को सरल एवं समयबद्ध बनाया जाए, ताकि हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में कलेक्टर ने योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों तथा स्थापित सोलर संयंत्रों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) राकेश तिवारी ने बताया कि योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन करते समय आवेदकों को वही मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी दर्ज करनी चाहिए, जो उनके बैंक खाते से लिंक हो। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण किया जाएगा तथा किसी आवेदन के अस्वीकृत होने की स्थिति में उसका स्पष्ट कारण भी आवेदक को बताया जाएगा।

बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं योजना से जुड़े वेंडर्स उपस्थित रहे। अधिकारियों ने योजना के सफल क्रियान्वयन और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए समन्वित प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Back to top button