क्राइमछत्तीसगढ़जशपुर

जशपुर: छठ महापर्व पर कुनकुरी को 15.50 करोड़ की सौगात, तपकरा में छठ घाट निर्माण की घोषणा

छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के तपकरा और कुनकुरी में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर भगवान सूर्यदेव को संध्या और उषा अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय भी उनके साथ मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री ने तपकरा में छठ घाट निर्माण कराने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कुनकुरी में 5 करोड़ रुपये की लागत से छठ घाट का सौंदर्यीकरण कराया गया है, जबकि दराखारिका में 4 करोड़ रुपये की लागत से छठ घाट का निर्माण किया जाएगा।

कुनकुरी में 15.50 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत कुनकुरी में लगभग 15 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन निर्माण, छठ तालाब का विकास और उसके पुनर्जीवन से जुड़े कार्य शामिल हैं।

नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 1 में 365.03 लाख रुपये की लागत से मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन बनाया जाएगा। वहीं, 689.61 लाख रुपये की लागत से छठ तालाब का रिजुविनेशन और 517.02 लाख रुपये से छठ तालाब विकास कार्य कराया जाएगा।

इन कार्यों के तहत छठ तालाब का कायाकल्प किया जाएगा। यहां पाथ-वे, बच्चों के लिए प्ले ग्राउंड और योगा जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन बनने से नगरवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।

छठ पर्व लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ पर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा है। छठ पूजा लोक आस्था और समर्पण का पर्व है, जो प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button