कांकेरछत्तीसगढ़

कांकेर: साइबर ठगी के 3.37 करोड़ रुपये के नेटवर्क का खुलासा, दो गिरफ्तार; 11 राज्यों से जुड़े तार

कांकेर। साइबर ठगी के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल किए जाने के मामले में कांकेर पुलिस ने दो खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि संबंधित खातों का उपयोग देश के अलग-अलग राज्यों में हुई ऑनलाइन ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था।

11 राज्यों में दर्ज शिकायतों से जुड़े खाते

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान इन बैंक खातों से देश के 11 स्थानों पर दर्ज साइबर शिकायतों का संबंध सामने आया है। इन शिकायतों में कुल करीब 3 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का उल्लेख है। वहीं, संबंधित खातों में उपलब्ध 67 हजार 850 रुपये की राशि होल्ड कराई गई है।

दो खाताधारक गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अखिलेश्वर जैन (25), निवासी उत्तामारा और सतीश कुमार उसेंडी (26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध में संलिप्तता पाए जाने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

भानुप्रतापपुर के एसडीओपी शेर बहादुर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है।

बैंक खाता या OTP किसी को न दें: पुलिस

कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, ओटीपी या इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी जानकारी इस्तेमाल के लिए न दें। पुलिस के अनुसार, बैंक खाते को किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराना साइबर अपराध में कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।

साइबर ठगी होने या किसी संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिलने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।

Show More
Back to top button