कोंडागांवछत्तीसगढ़

कोंडागांव: बेड़मा जंगल में नक्सलियों का डंप बरामद, हैंड ग्रेनेड और विस्फोटक सामग्री जब्त

नवरात्रि दिवाली मोबाइल मेगा ऑफर
श्री पारस कलेक्शन दिवाली धमाका

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना पुंगारपाल क्षेत्र के बेड़मा जंगल में तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य उपयोगी सामान का डंप बरामद किया गया। बरामदगी में हैंड ग्रेनेड, जिलेटिन रॉड, कॉर्डेक्स वायर और विस्फोटक तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री शामिल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पित माओवादियों से मिले इनपुट के आधार पर 19 नवंबर को पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने हांडापाल, देवगढ़, बेड़मा तथा आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान में नक्सल सेल, जिला रिजर्व गार्ड (DRG), बस्तर फाइटर्स और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) के जवान शामिल थे।

दो अलग-अलग स्थानों से मिला सामान

जंगल में संदिग्ध ठिकानों की बारीकी से तलाशी के दौरान दो स्थानों पर छिपाकर रखी गई सामग्री का पता चला। सुरक्षा मानकों के तहत बम निरोधक दस्ते ने मौके की जांच की और सामग्री को सुरक्षित तरीके से जब्त किया।

कार्रवाई में एक हैंड ग्रेनेड, दो जिलेटिन रॉड, करीब 25 मीटर कॉर्डेक्स वायर और लगभग 200 मीटर इलेक्ट्रिक वायर बरामद हुआ। इसके अलावा करीब 3 किलोग्राम सल्फर, 4 किलोग्राम सोडियम नाइट्रेट, वॉकी-टॉकी चार्जर, 14 टिफिन, मल्टीमीटर, लगभग 50 मीटर रस्सी, सात सिरिंज, बैटरी सेट और अन्य सामान भी मिला।

कोंडागांव के बेड़मा जंगल से बरामद धातु के कंटेनर, तार और अन्य सामग्री
बेड़मा जंगल से सुरक्षा बलों द्वारा जब्त की गई सामग्री

सर्चिंग अभियान जारी

सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से जंगल में छिपाकर रखे गए नक्सली डंप का पता चला है। संवेदनशील वन क्षेत्रों में तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियां बरामद सामग्री की जांच कर रही हैं और क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए अभियान तेज रखा गया है।

जंगल में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर नागरिकों से उसे छूने के बजाय तत्काल पुलिस या सुरक्षा बलों को सूचना देने की अपील की जाती है।


यह भी पढ़ें

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button