कोरबा। जिले के कटघोरा स्थित मुरली होटल में सांभर में कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच कर कार्रवाई की है। विभाग ने मुरली होटल का खाद्य लाइसेंस 13 और 14 नवंबर 2026 के लिए दो दिन निलंबित किया है। इस अवधि में होटल बंद रहेगा। वहीं, निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियां पाए जाने पर कटघोरा की शारदा स्वीट्स का लाइसेंस भी पांच दिनों के लिए निलंबित किया गया है।
सांभर का नमूना जांच के लिए भेजा
शुक्रवार सुबह मुरली होटल में नाश्ता कर रहे एक ग्राहक ने डोसा और सांभर की प्लेट में कीड़ा दिखाई देने की शिकायत की। घटना का वीडियो सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास कुमार भगत के नेतृत्व में टीम ने होटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सांभर का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा गया है। नमूने की रिपोर्ट से खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।
निरीक्षण में स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियां
विभागीय निरीक्षण में होटल में खाद्य सामग्री तैयार करने और संभालने की व्यवस्था में कई कमियां दर्ज की गईं। निरीक्षण प्रतिवेदन के अनुसार, फर्श और दीवारों पर तेल की चिकनाई थी। खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया था। काम के दौरान एप्रन और दस्तानों का उपयोग भी नहीं किया जा रहा था। बर्तन धोने के स्थान पर जूते रखे मिले और कूड़ेदान बिना ढक्कन के खुले पाए गए।
मुरली होटल का लाइसेंस दो दिन निलंबित
खाद्य कारोबार की अनुज्ञप्ति की शर्तों और स्वच्छता संबंधी नियमों में पाई गई कमियों के आधार पर मुरली होटल का खाद्य लाइसेंस 13 से 14 नवंबर तक तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। निलंबन अवधि में प्रतिष्ठान का संचालन बंद रहेगा। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य कारोबार का अनुज्ञापन और रजिस्ट्रेशन) विनियम, 2011 की अनुसूची-4 के प्रावधानों के तहत की गई।
शारदा स्वीट्स का लाइसेंस भी पांच दिन निलंबित
इसी निरीक्षण अभियान के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने कटघोरा स्थित शारदा स्वीट्स की भी जांच की। वहां अस्वच्छ परिस्थितियां मिलने पर प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस पांच दिनों के लिए निलंबित किया गया। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
नमूने की रिपोर्ट के बाद आगे की स्थिति होगी स्पष्ट
मुरली होटल से लिए गए सांभर के नमूने की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आना बाकी है। रिपोर्ट और निरीक्षण में दर्ज कमियों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। इस घटना ने खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, कर्मचारियों की स्वच्छता और ग्राहकों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी फिर चर्चा में ला दी है।