
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। जिले में कोचियों और बिचौलियों द्वारा उपार्जन केंद्रों पर अवैध रूप से धान खपाने की कोशिशों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन का जांच अभियान जारी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर लैलूंगा तहसील के ग्राम झगरपुर में प्रशासनिक टीम ने दो गोदामों में दबिश देकर कुल 965 कट्टा धान जब्त किया है।
झगरपुर के दो गोदामों में संयुक्त टीम की जांच
एसडीएम लैलूंगा राकेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में खाद्य निरीक्षक और नायब तहसीलदार की संयुक्त टीम ने ग्राम झगरपुर स्थित गोदामों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान संतोष अग्रवाल के गोदाम से 900 कट्टा तथा विकास अग्रवाल के गोदाम से 65 कट्टा अवैध रूप से भंडारित धान मिला। टीम ने दोनों गोदामों से कुल 965 कट्टा धान जब्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की है।
धान के भंडारण और परिवहन पर सख्त निगरानी
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा धान के भंडारण व परिवहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके लिए राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में गोदामों और भंडारण स्थलों की जांच कर दस्तावेजों व स्टॉक का सत्यापन कर रही हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को किसी भी अनियमितता या अवैध भंडारण-परिवहन की सूचना मिलते ही तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।