
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बागबाहरा थाना क्षेत्र में देवाशीष स्कूल के पास मरीज को लेकर ओडिशा जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
देवाशीष स्कूल के पास हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 में मरीज और परिजन सवार थे। वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-353 से होते हुए ओडिशा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बागबाहरा क्षेत्र में देवाशीष स्कूल के पास एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर के बाद एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
दो महिलाओं की मौके पर मौत, तीन की हालत गंभीर
दुर्घटना में दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही जान चली गई। वहीं दो महिलाओं और एक पुरुष को गंभीर चोटें आईं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया।
ओडिशा जा रहे थे एंबुलेंस में सवार लोग
शुरुआती जानकारी में एंबुलेंस में सवार मरीज और अन्य लोगों के ओडिशा निवासी होने की बात सामने आई है। हालांकि मृतकों और घायलों के नाम तथा पहचान की विस्तृत जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृत महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दुर्घटना किस वजह से हुई और एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से किन परिस्थितियों में टकराई, इसकी जांच की जा रही है।