सूरजपुर में अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, गोदाम सील – 300 बोरा धान जब्त



मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद प्रदेश की अंतर्राज्यीय सीमाओं पर धान के अवैध भंडारण और परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले में प्रशासन ने लगातार कार्रवाई तेज कर दी है।

कलेक्टर सूरजपुर के मार्गदर्शन में मंगलवार को एसडीएम भैयाथान के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम रजबहर में एक बड़े गोदाम पर छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान व्यापारी के गोदाम में बिना वैध दस्तावेज के 220 बोरा धान (लगभग 88 क्विंटल) मिला। दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर टीम ने गोदाम को तुरंत सील कर संपूर्ण धान को जप्त कर लिया।

इसी दौरान राजस्व टीम ने एक अन्य मामले में ग्राम भांडी, तहसील ओड़गी के एक किसान को उक्त व्यापारी के गोदाम से धान खरीदकर ले जाते हुए पकड़ा। किसान 80 बोरा धान (32 क्विंटल) ट्रैक्टर से परिवहन कर रहा था। मौके पर कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर और धान दोनों को जब्त कर थाना झिलमिली के सुपुर्द किया गया।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध धान भंडारण व परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button