आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई 305 लीटर महुआ शराब और 1050 किलो लाहन जब्त 5 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ में अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान लगातार जारी 6 मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई

रायगढ़। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीते दो-तीन दिनों के भीतर विभाग ने 6 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर बड़ी कार्रवाई करते हुए 305.200 लीटर महुआ शराब और 1050 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1,13,540 रुपये बताई गई है।

सहायक आयुक्त आबकारी क्रिस्टोफर खलखो ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी 5 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार

आबकारी टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा। थाना पुसौर क्षेत्र के ग्राम लोहरसिंग से देवराज टंडन (26 वर्ष) और ग्राम जकेला से शेख नसीरूद्दीन (40 वर्ष) के कब्जे से 6-6 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।

इसी तरह थाना कोतरारोड के ग्राम कुरमापाली से राजकुमार चौहान (35 वर्ष) के पास से 12 लीटर शराब जब्त की गई। थाना तमनार क्षेत्र के ग्राम लालपुर से अजय राठिया (31 वर्ष) के पास से 15 लीटर और ग्राम आमघाट से अमित एक्का (31 वर्ष) के कब्जे से 9.200 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।

इन सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) और 59(क) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

नालों किनारे चल रही अवैध भट्ठियां उजागर भारी मात्रा में शराब और लाहन बरामद

आबकारी विभाग ने केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि अवैध शराब निर्माण स्थलों पर भी दबिश दी। थाना चक्रधरनगर क्षेत्र के ग्राम भगोरा नाला किनारे छापेमारी में 100 लीटर महुआ शराब और 800 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया।

वहीं थाना पुसौर के ग्राम कसाईपाली नाला क्षेत्र में दबिश देकर 145 लीटर महुआ शराब और 250 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।

विभाग का सख्त संदेश अवैध शराब कारोबारियों पर नहीं होगी कोई ढिलाई

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

 

Back to top button