ऑपरेशन आघात के तहत घरघोड़ा में बड़ी कार्रवाई, 190 लीटर महुआ शराब जब्त, 8 अवैध भट्ठियां ध्वस्त, आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी के निर्देशन में नदी किनारे अवैध शराब निर्माण पर सटीक दबिश, मौके से शराब, उपकरण और भट्ठियां नष्ट

रायगढ़, 03 अप्रैल। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत घरघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 190 लीटर महुआ शराब जब्त की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई।


खेतधरहा नदी किनारे चल रही थी अवैध भट्ठी, मुखबिर सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर की रेड

थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में 3 अप्रैल को ग्राम घरघोड़ी स्थित खेतधरहा नदी किनारे अवैध शराब निर्माण की सूचना पर पुलिस टीम ने सटीक रेड कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।


आरोपी छोटू डनसेना रंगे हाथों पकड़ा गया, अवैध शराब निर्माण और बिक्री की बात स्वीकार

रेड के दौरान आरोपी छोटू डनसेना पिता अनंत सिंह डनसेना उम्र 37 वर्ष निवासी घरघोड़ी थाना घरघोड़ा को अवैध रूप से महुआ शराब बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अवैध बिक्री के उद्देश्य से शराब निर्माण करना स्वीकार किया।


190 लीटर महुआ शराब जब्त, करीब 19 हजार रुपये कीमत, उपकरण भी कब्जे में लिए गए

पुलिस ने मौके से करीब 190 लीटर महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 19 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त सिल्वर के बड़े बर्तन, टिन टीपा सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।


8 अवैध भट्ठियां मौके पर ही नष्ट, अवैध सेटअप को पूरी तरह किया गया खत्म

कार्रवाई के दौरान मौके पर संचालित कुल 8 अवैध भट्ठियों को पुलिस द्वारा नष्ट किया गया। इससे क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब निर्माण नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।


आबकारी एक्ट की गैर जमानती धाराओं में मामला दर्ज, आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।


क्षेत्र में मुनादी कर दी गई सख्त चेतावनी, अवैध शराब कारोबारियों को दी गई अंतिम हिदायत

थाना प्रभारी द्वारा क्षेत्र में मुनादी कर अवैध शराब निर्माण करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई है कि ऐसे कृत्यों में लिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका, संयुक्त प्रयास से मिली सफलता

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल, उद्धोराम पटेल एवं महिला आरक्षक सुप्रिया सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


एसएसपी का दो टूक संदेश, अवैध शराब कारोबार छोड़ मुख्यधारा से जुड़ने की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को मुख्यधारा से जुड़कर वैध जीवन अपनाने की अपील की गई है, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Back to top button