
रायगढ़, 04 फरवरी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट निर्देशों के तहत रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब और अनैतिक गतिविधियों के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में चक्रधरनगर क्षेत्र में हुई कार्रवाई के महज 24 घंटे के भीतर कोतवाली थाना क्षेत्र में देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया गया है।
शिवा नगर में संचालित हो रहा था देह व्यापार
कोतवाली पुलिस को 3 फरवरी की रात मुखबिर से सूचना मिली कि केवड़ाबाड़ी स्थित एसबीआई मेन ब्रांच के सामने रोड किनारे अनिल कुमार नंदे के मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना में बताया गया कि इस अवैध गतिविधि का संचालन राहूल कुमार यादव एवं उसकी महिला सहयोगी द्वारा किया जा रहा है।
सीएसपी के नेतृत्व में बनाई गई रणनीति, ग्राहक बनाकर भेजा गया पाइंटर
सूचना की गंभीरता को देखते हुए मामले से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया। उनके मार्गदर्शन में सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में पीटा एक्ट की कार्रवाई के अनुरूप योजनाबद्ध रेड की गई।
पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर निर्धारित रकम के साथ मकान में भेजा। संकेत मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर एक साथ दबिश दी।
मौके से आरोपी, महिला सहयोगी व दो महिलाएं मिलीं
रेड के दौरान मकान के भीतर आरोपी राहूल कुमार यादव, उसकी महिला सहयोगी तथा देह व्यापार के लिए लाई गई दो महिलाएं मौजूद मिलीं। तलाशी में पुलिस ने देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री, दो मोबाइल फोन (रेडमी और वीवो) तथा नकद 2000 रुपये बरामद किए।
पूछताछ में अवैध धंधे की पुष्टि
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कर रहा था और इससे अवैध कमाई कर रहा था। सभी साक्ष्यों के आधार पर कोतवाली थाना में अपराध दर्ज किया गया।
पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
थाना कोतवाली में आरोपी राहूल कुमार यादव एवं उसकी महिला सहयोगी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की धारा 3, 4 एवं 5 में मामला पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
1. राहूल कुमार यादव, पिता सुरेश यादव, उम्र 26 वर्ष
निवासी 299/3-ए नई बैरहना, इलाहाबाद (उ.प्र.)
हाल मुकाम — केंवटापारा बस स्टैंड, केवड़ाबाड़ी, शिवा नगर, रायगढ़
2. एक अन्य महिला सहयोगी
जप्त सामग्री
नकद 2000 रुपये
दो मोबाइल फोन
देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि
“रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब, देह व्यापार या किसी भी प्रकार की सामाजिक बुराई को पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर और निरंतर कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिक निर्भय होकर सूचना दें, पुलिस हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करेगी।”
कार्रवाई में इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन तथा सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ए.के. देवांगन, सहायक उप निरीक्षक कोसो सिंह, महिला प्रधान आरक्षक राजश्री वैष्णव, आरक्षक परसीना टोप्पो, प्रतिक्षा मिंज, मनोज पटनायक एवं भगवती रत्नाकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




