
नक्सलियों के रेल पटरी उड़ाने का असर- सुबह छत्तीसगढ़ पहुंचने वाली ट्रेनें 3 से 5 घंटे देरी से आ रहीं
रायपुर: ट्रेनों के देरी से चलने और इस संबंध में जानकारी नहीं मिलने से यात्री परेशान हैं। बार-बार रेलवे इन्क्वायरी को नंबर लगाते और स्टेशन मास्टर व पूछताछ केंद्र पहुंच रहे हैं। इसके बाद भी उन्हें ट्रेनों के आवागमन को लेकर सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। कर्मचारी भी संतोषप्रद जवाब नहीं दे पा रहे। हालांकि, यह जरूर संभावना जताई जा रही है कि ट्रेनें शाम तक जरूर स्टेशन पर पहुंच जाएंगी। इसका असर शाम को चलने वाली ट्रेनों पर भी पड़ेगा। दरअसल चक्रधरपुर रेल मंडल के सोनुवा और लोटापहाड़ा के बीच नक्सलियों ने विस्फोट से रेलवे ट्रैक उड़ा दिया है। ब्लास्ट की घटना हावड़ा-मुंबई मेल निकलने के ठीक बाद हुई। इसके बाद सभी ट्रेनों को जहां थीं, वहीं रोक दिया गया। अभी एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनों का घंटों से कुछ पता नहीं है। हालांकि, धीरे-धीरे ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया है। सुबह हावड़ा से अभी तक मेल करीब दो घंटे देरी से 9.15 बजे बिलासपुर पहुंची है। वहीं ओडिशा और बिहार से दुर्ग आने वाली ट्रेनें भी कई घंटे देरी से चल रही हैं। यात्री बार-बार इसे लेकर जानकारी ले रहे हैं।
