कोलंबिया में सैन्य विमान हादसा, 125 लोग थे सवार, 48 को बचाया गया

बोगोटा। लातिन अमेरिकी देश कोलंबिया के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। 125 लोगों को लेकर उड़ान भरने वाला सैन्य मालवाहक विमान Hercules C-130 टेकऑफ के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

अधिकारियों के मुताबिक, अब तक कम से कम 48 लोगों को जीवित बचा लिया गया है, जबकि बाकी लोगों की तलाश और बचाव कार्य जारी है।

रक्षा मंत्री ने दी जानकारी

कोलंबिया के रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस हादसे को “दुखद” बताते हुए पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दुर्घटना पुएर्टो लेगुइज़ामो क्षेत्र में हुई, जो पेरू और इक्वाडोर की सीमा के पास स्थित एक दूरस्थ इलाका है।

125 लोग थे सवार

कोलंबियाई वायु सेना के कमांडर कार्लोस फर्नांडो सिल्वा के अनुसार, विमान में

  • 114 यात्री
  • 11 चालक दल के सदस्य

सवार थे।

मौके पर जारी है राहत कार्य

स्थानीय मीडिया में सामने आई तस्वीरों में दुर्घटनास्थल से काला धुआं उठता दिख रहा है, जबकि सेना और राहत दल तेजी से मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

Back to top button