MP की शराब, CG की सड़क और चार नाके तोड़कर भागे तस्कर, 10 लाख रूपये का शराब और कार जप्त

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागनदी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए करीब 10 लाख रुपये की शराब और कार जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश निर्मित देशी शराब की बड़ी खेप छत्तीसगढ़ की ओर लाई जा रही है। सूचना पर बागनदी थाना पुलिस और साइबर सेल ने तत्काल चार अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी की।

इसी दौरान देवरी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG-08 BH-5935 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। आरोपी ने एक के बाद एक चार नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। तीसरे नाके के पास आरोपी ने खतरनाक तरीके से वाहन को यू-टर्न लेकर वापस दौड़ा दिया।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी बागेरक्सा की ओर भागे और चारभाठा-मोहनपुर जंगल के पास कार को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। बाद में पुलिस ने ट्रैक्टर की मदद से कार को जंगल से बाहर निकलवाया और न्यू राजस्थानी ढाबा, बागनदी के पास तलाशी ली।

तलाशी में कार की डिक्की और सीट से 18 पेटियों में कुल 900 पाव मध्यप्रदेश निर्मित देशी मदिरा मसाला बरामद हुई। शराब की मात्रा 162 बल्क लीटर बताई गई है।

पुलिस ने जब्त शराब की कीमत 98,100 रुपये और वाहन की कीमत 9 लाख रुपये, कुल 9,98,100 रुपये आंकी है।

फरार आरोपी प्रहलाद और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ बीएनएस, आबकारी एक्ट और मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रहलाद के खिलाफ डोंगरगढ़ थाने में पूर्व में भी आबकारी एक्ट का मामला दर्ज है।

Back to top button