क्राइमछत्तीसगढ़मुंगेली

मुंगेली : कोर्ट में ट्रक चोरी के आरोपी का हंगामा, कटघरे से कूदकर CJM को दी जान से मारने की धमकी; FIR दर्ज

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला न्यायालय में पेशी के दौरान ट्रक चोरी के एक आरोपी ने जमकर हंगामा किया। आरोपी ने कटघरे से छलांग लगाकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) के डायस तक पहुंचकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसने न्यायालय में लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने की भी कोशिश की। घटना के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। मामले में CJM की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की है।

नाम पूछने पर पुलिसकर्मियों से करने लगा बदसलूकी

जानकारी के अनुसार, सरगांव थाना पुलिस ने ट्रक चोरी के मामले में भगतराम राजपूत (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। 16 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे पुलिस उसे रिमांड के लिए मुंगेली जिला न्यायालय लेकर पहुंची थी।

न्यायालय में पेशी के दौरान जब पुलिसकर्मियों ने आरोपी से उसका नाम पूछा तो वह भड़क गया। उसने नाम बताने से इनकार करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया।

कटघरे से कूदकर CJM के डायस तक पहुंचा

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शत्रुघन कुमार बेलदार की ओर उंगली दिखाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की और कहा, ‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे…’। इसके बाद वह अचानक कटघरे से कूदकर सीधे CJM के डायस तक पहुंच गया।

आरोप है कि उसने वहां लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान न्यायिक अधिकारी और न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

CJM ने खुद थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शत्रुघन कुमार बेलदार ने स्वयं थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मुंगेली पुलिस ने भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।

ट्रक चोरी के मामले में पहले से गिरफ्तार है आरोपी

भगतराम राजपूत को सरगांव पुलिस ने ट्रक चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। न्यायालय में पेशी के दौरान हुए इस घटनाक्रम के बाद उसके खिलाफ एक और आपराधिक मामला दर्ज हो गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

न्यायालय परिसर में हुई इस घटना ने न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button