बासागुड़ा क्षेत्र में नक्सलियों का कहर, मुखबिरी के शक में दो लोगों की हत्या
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर खूनी खेल खेला है। पुलिस के बढ़ते दबाव से बौखलाए नक्सलियों ने बासागुड़ा थाना क्षेत्र के बुड़गी चेरु गांव में दो ग्रामीणों की बेरहमी से हत्या कर दी। मारे गए ग्रामीणों की पहचान राजू कारम और मुन्ना माडवी के रूप में हुई है। नक्सलियों ने दोनों पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया था। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि नक्सल विरोधी अभियान तेज किया जाएगा ताकि ऐसे हमलों को रोका जा सके।
पहले भी हो चुकी हैं हत्याएं
बीजापुर जिले में नक्सली पहले भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। 26 जनवरी की रात ग्राम केशामुंडी में नक्सलियों ने भदरू सोढ़ी (41) की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। नक्सली संगठन भैरमगढ़ एरिया कमेटी ने पर्चा जारी कर भदरू सोढ़ी पर गद्दारी का आरोप लगाया था।
लगातार बढ़ रहे नक्सली हमले प्रशासन के लिए चुनौती बने हुए हैं। पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान को और तेज करने की रणनीति बनाई है।