नई दिल्ली: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ा अपडेट, भारतीय एलपीजी टैंकरों की गतिविधि तेज

नई दिल्ली। ईरान द्वारा भारत सहित कुछ मित्र देशों के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के ऐलान के बाद इस रणनीतिक समुद्री मार्ग को लेकर हलचल बढ़ गई है। ताजा जानकारी के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में पांच भारतीय एलपीजी टैंकर एक स्थान पर लंगर डालकर खड़े हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय झंडे वाले ये सभी टैंकर दुबई और रास अल खैमाह के उत्तरी क्षेत्र के आसपास मौजूद हैं। शिप ट्रैकिंग वेबसाइट्स के अनुसार, इन जहाजों में कुल मिलाकर 1.7 लाख मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी लदा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ये जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित पारगमन से पहले एकत्रित हो रहे हैं। इसी बीच, ईरान ने घोषणा की थी कि वह भारत, रूस, चीन, जापान और पाकिस्तान जैसे मित्र देशों के जहाजों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति देगा।

हालांकि, ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने कुछ जहाजों को चेतावनी देकर वापस भेजा है, जबकि कुल 26 जहाजों को मार्ग से गुजरने की अनुमति भी दी गई है। ईरान के अनुसार, यह कदम सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाया गया है।

शिपिंग विशेषज्ञों के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां से बड़ी मात्रा में तेल और एलपीजी का परिवहन होता है। ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी तरह की हलचल का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है।

फिलहाल स्थिति पर अंतरराष्ट्रीय शिपिंग एजेंसियों की कड़ी नजर बनी हुई है और सभी जहाज सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित होने के इंतजार में बताए जा रहे हैं।

Back to top button