NH पर जिला पंचायत अध्यक्ष की कार हादसे का शिकार, अचानक सामने आई गाय से टकराई
जांजगीर-चांपा जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी और ड्राइवर को आई हल्की चोटें, कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नेशनल हाईवे पर एक बार फिर सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी हादसे का कारण बन गई। सिमगा के पास जांजगीर-चांपा जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी की इनोवा कार गाय से टकरा गई। हादसे में अध्यक्ष और उनके ड्राइवर को हल्की चोटें आई हैं।
रायपुर जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सत्यलता मिरी अपनी कार CG 04 QG 8506 से नेशनल हाईवे के रास्ते रायपुर की ओर आ रही थीं। इसी दौरान करीब दोपहर 12 बजे हाईवे पर अचानक एक गाय सामने आ गई।
कार चालक को संभलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला और वाहन सीधे गाय से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग खुल गए और अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अध्यक्ष और ड्राइवर को आई चोटें
हादसे में सत्यलता मिरी और उनके ड्राइवर को हल्की चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची।
टक्कर के बाद गाय भी सड़क पर गिर गई थी। कुछ देर बाद वह उठकर वहां से चली गई।
हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी फिर सवालों के घेरे में
इस हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर खुले में घूमने वाले मवेशियों की समस्या एक बार फिर चर्चा में आ गई है। हाईवे पर अचानक मवेशियों के सामने आने से वाहन चालकों के लिए गंभीर दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
हाल ही में नेशनल हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी के मामले में हाईकोर्ट ने भी संज्ञान लेते हुए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए थे।












