मुंबई में मेट्रो निर्माणाधीन पिलर का हिस्सा गिरा, ऑटो पर गिरने से कई घायल


महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के व्यस्त एलबीएस रोड स्थित मुलुंड पश्चिम इलाके में मंगलवार दोपहर करीब 12:20 बजे निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना के तहत एक पिलर का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। यह घटना जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिलर का सीमेंट स्लैब टूटकर सीधे नीचे खड़े एक ऑटो रिक्शा पर आ गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ऑटो में सवार तीन से चार लोग घायल हुए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेट्रो स्टाफ, स्थानीय वार्ड कर्मी और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां घटना के कारणों की जांच में जुटी हैं। निर्माण कार्य में लापरवाही या तकनीकी खामी की संभावना को लेकर भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button