PDS खाद्यान्न गड़बड़ी मामले में फरार आरोपी बिहारी राठिया गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
रायगढ़। धरमजयगढ़ क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में कथित गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी बिहारी राठिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
खाद्य विभाग की जांच में ग्राम ससकोबा की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 में बड़ी मात्रा में खाद्यान्न कम पाया गया था। 3 सितंबर 2026 को हुई जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक, कुल करीब 12.89 लाख रुपये का खाद्यान्न कम मिला था।
जांच के दौरान अगस्त महीने में हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लेने के बाद भी राशन वितरण नहीं किए जाने की बात सामने आई थी। मामले में उमाबाई राठिया, माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
इस मामले में उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि विक्रेता बिहारी राठिया फरार था।
बस से गांव लौटने की सूचना पर पकड़ा गया
पुलिस के मुताबिक, चौकी रैरूमाखुर्द की टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। 22 सितंबर को सूचना मिली कि बिहारी राठिया धरमजयगढ़ से बस से अपने गांव लौट रहा है। इसके बाद पुलिस ने गांधी प्रतिमा चौक, रैरूमाखुर्द के पास उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने फरवरी से अगस्त 2026 के बीच ससकोबा उचित मूल्य दुकान में चावल, शक्कर और नमक के वितरण में गड़बड़ी की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से चार रजिस्टर भी जब्त किए हैं।
आरोपी की पहचान बिहारी राठिया (32), निवासी ससकोबा जूनापारा, चौकी रैरूमाखुर्द, थाना धरमजयगढ़ के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।











