
रायगढ़। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के नेतृत्व में आज मुख्य सराफा बाजार और अन्य व्यस्त मार्केट क्षेत्रों में विशेष अभियान के तहत पैदल मार्च निकाला गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बाजार क्षेत्र का जायजा लिया और व्यापारियों से सीधे संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी सुझाव साझा किए।
पैदल मार्च के दौरान एडिशनल एसपी श्री सोनी ने सराफा व्यापारियों से दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर तथा डायल 112 की जानकारी सभी कर्मचारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
व्यापारियों को दिए गए सुरक्षा निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को निम्नलिखित निर्देश दिए—
- दुकानों में तैनात सुरक्षा गार्ड पूरी तरह सतर्क रहें।
- सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच और मेंटेनेंस सुनिश्चित किया जाए।
- रात्रि में औचक गार्ड चेकिंग की व्यवस्था रहे।
- कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाए।
- किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दी जाए।
एडिशनल एसपी ने भरोसा दिलाया कि रायगढ़ पुलिस आम नागरिकों और व्यापारियों के जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पुलिस की रणनीति केवल अपराध के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध को पहले ही रोकना है।
इस फुट पेट्रोलिंग में नगर कोतवाल सुखनंदन पटेल, प्रशांत राव सहित कोतवाली थाना एवं पुलिस लाइन का बल मौजूद रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय समेत सभी थाना क्षेत्रों में सराफा कारोबारियों की नियमित बैठकें लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
एसएसपी श्री सिंह ने कहा, “जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है। संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है और अपराधियों के लिए शहर में कोई स्थान नहीं है।”
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपराध अथवा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल साझा करें, ताकि त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।




