मॉडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस का सख्त एक्शन, 11 वाहन जब्त, 50 साइलेंसर नष्ट

रायगढ़ | 29 मार्च रायगढ़ पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 11 वाहनों को जब्त कर उनके साइलेंसर हटाए गए और चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही पहले जब्त किए गए करीब 50 मॉडिफाइड साइलेंसर पर बुलडोजर चलाकर उन्हें नष्ट कर दिया गया।

चेकिंग अभियान में पकड़े गए वाहन

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस और सभी थाना प्रभारियों की टीम द्वारा लगातार वाहन जांच की जा रही है। इसी क्रम में डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 11 वाहन पकड़े गए।

चालकों और अभिभावकों को दी गई सख्त चेतावनी

कार्रवाई के बाद वाहन चालकों और उनके अभिभावकों को पुलिस कार्यालय बुलाया गया। यहां एसएसपी ने उन्हें कड़ी समझाइश देते हुए भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। सभी वाहनों से मौके पर मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाए गए।

50 साइलेंसर पर चला बुलडोजर

पुलिस द्वारा पूर्व में जब्त किए गए लगभग 50 मॉडिफाइड साइलेंसर को ट्रैफिक थाना परिसर के पीछे बुलडोजर से नष्ट किया गया। यह कदम नियम तोड़ने वालों के लिए सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

आम नागरिकों से सहयोग की अपील

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने आम जनता से अपील करते हुए अपना मोबाइल नंबर 9479193200 साझा किया और कहा कि ऐसे वाहनों की फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से भेजकर पुलिस को सूचना दें, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके।

अभियान जारी रहेगा

एसएसपी ने डीएसपी ट्रैफिक, थाना प्रभारी ट्रैफिक और पूरी टीम की सराहना करते हुए निर्देश दिए हैं कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

👉 एसएसपी का स्पष्ट संदेश:
“यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर नियम तोड़ने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

Back to top button