रायगढ़ में असामाजिक तत्वों पर पुलिस का शिकंजा, हथियार लहराने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। झगड़ा, मारपीट और सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जूटमिल थाना क्षेत्र के समाधी गली में 21 मार्च को हुई मारपीट की घटना में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि मामूली विवाद पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़ित के साथ मारपीट की और बाद में तलवार लेकर जान से मारने की नीयत से दौड़ाया। इस मामले में करन बानी उर्फ करन गुप्ता, नंद किशोर बानी उर्फ अखिल गुप्ता, सोनू गुप्ता और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।



वहीं, चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान इंदिरा विहार मेन रोड पर दो युवक धारदार खुरपी लहराते हुए लोगों को डराते-धमकाते पाए गए। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आशीष महंत और श्याम बरेठ को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपी आशीष महंत के कब्जे से धारदार खुरपी भी बरामद की गई है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

Back to top button