
रायगढ़ में डीजे की आवाज कम करने पर पुलिसकर्मी पर हमला, धारदार हथियार से किया वार
➡️ भूपदेवपुर थाना क्षेत्र की घटना, आरोपियों पर मामला दर्ज
रायगढ़। होली के दिन डीजे की तेज आवाज कम करने की बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने एक पुलिसकर्मी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। यह घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के गढ़कुर्री गांव की है, जहां पुलिस गश्त के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने गई थी।
डीजे की आवाज कम करने पर भड़के ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र ठाकुर अपने सहकर्मी और वाहन चालक योगेश डनसेना के साथ पेट्रोलिंग पर थे। ड्यूटी के बाद दोनों गढ़कुर्री गांव में एक रिश्तेदार से मिलकर लौट रहे थे, तभी उन्होंने कुछ लोगों को तेज आवाज में डीजे बजाते हुए नाच-गाना करते देखा। जब प्रधान आरक्षक ने डीजे की आवाज कम करने को कहा, तो विकास यादव, कन्हैया चौहान, चैतन राठिया और उनके साथियों ने आक्रोशित होकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोपियों ने कहा कि पुलिस उनके गांव वालों को शराब बेचने के आरोप में जेल भेजती है, इसलिए वे पुलिस का आदेश नहीं मानेंगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और विकास यादव ने धारदार हथियार से प्रधान आरक्षक पर हमला कर दिया।
हमले में पुलिसकर्मी घायल, अस्पताल में भर्ती
हमले में सुरेंद्र ठाकुर के माथे, पीठ और सीने पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान हो गए। यह देख वाहन चालक योगेश डनसेना, गांव के मोहन राठिया और उनकी पत्नी ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए जिंदल अस्पताल लाया गया।
पुलिस ने आरोपियों पर दर्ज किया केस
घटना की जानकारी मिलते ही भूपदेवपुर पुलिस ने 118(1)-बीएनएस, 296-बीएनएस, 3(5)-बीएनएस, 351(2)-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
🚔 पुलिस अपील: शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग करें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।