Pravasi Chhattisgarhi Sammelan की तैयारियों की समीक्षा, 27-28 मार्च को नवा रायपुर में होगा भव्य आयोजन

3 Min Read

रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में विधानसभा स्थित समिति कक्ष में आज प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव और आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


नवा रायपुर में दो दिवसीय सम्मेलन

अधिकारियों ने बताया कि नवा रायपुर में आगामी 27 और 28 मार्च को भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। आयोजन की रूपरेखा रायपुर साहित्य महोत्सव की तर्ज पर तैयार की गई है।

सम्मेलन में विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ मूल के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए एक विशेष पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से पंजीयन की प्रक्रिया जारी है।


संस्कृति, सम्मान और निवेश पर फोकस

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा और संस्कृति से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही राज्य का नाम रोशन करने वाले प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने कहा कि विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़वासियों को राज्य से जोड़ने की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने निर्देश दिए कि सम्मेलन में आने वाले प्रवासियों को उनकी आवश्यकता अनुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।


युवाओं को मार्गदर्शन और निवेश के अवसर

बैठक में बताया गया कि विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ प्रवासी छत्तीसगढ़ियों द्वारा युवाओं के लिए मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे। इससे राज्य के युवाओं को करियर और उद्यमिता के क्षेत्र में लाभ मिलेगा।

साथ ही उद्योग, सेवा और अन्य सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। यदि कोई प्रवासी निवेश या परियोजना के लिए सहमति देता है तो उससे एमओयू (MoU) भी किया जाएगा।

सम्मेलन के दौरान पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन भी परोसे जाएंगे।


बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, स्टेट कैपिटल रीजन के सीईओ अंकित आनंद, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत, ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्याम धावड़े, संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment