
अदमपुर/पंजाब । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु रविदास जयंती के पावन अवसर पर पंजाब के आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा’ कर दिया। इसी मौके पर उन्होंने लुधियाना जिले के हलवारा हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन किया।
पीएम मोदी रविवार को पंजाब आए थे। उन्होंने इस कदम को संत गुरु रविदास को श्रद्धांजलि बताया। उनके अनुसार, यह नामकरण क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देगा और संत की समानता, करुणा और मानवीय गरिमा की शिक्षाओं को देश में प्रोत्साहित करेगा।
हलवारा टर्मिनल का महत्व
हलवारा में नया टर्मिनल भवन राज्य के लिए आधुनिक प्रवेश द्वार के रूप में काम करेगा। यह लुधियाना और आसपास के औद्योगिक व कृषि प्रधान क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करेगा। हलवारा एयरपोर्ट भारतीय वायु सेना का रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्टेशन भी है।
प्रधानमंत्री के संदेश
पीएम मोदी ने संत रविदास की 649वीं जयंती और माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के आशीर्वाद से भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर रहेगा। उन्होंने बजट 2026-27 का उल्लेख करते हुए बताया कि यह गरीब, किसान, युवा और नारी शक्ति को सशक्त बनाने वाला बजट है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के लिए दवाओं को और सस्ता किया गया है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में हर वर्ग को लाभ मिले।
संत गुरु रविदास को श्रद्धांजलि देने के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब के हवाई अड्डों को विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आदमपुर का नाम बदलना और हलवारा टर्मिनल का उद्घाटन राज्य और देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।




