छत्तीसगढ़न्यूज़रायगढ़

रायगढ़ रॉक गार्डन बोतल्दा में पुलिस का औचक निरीक्षण, सुरक्षा के लिए सख्त निर्देश

रायगढ़। रॉक गार्डन बोतल्दा में पर्यटकों और आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने बुधवार, 18 नवंबर को औचक निरीक्षण किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में एसडीओपी खरसिया सतीश कुमार भार्गव ने थाना खरसिया, चौकी खरसिया और पुलिस लाइन के बल के साथ गार्डन परिसर का जायजा लिया। इस दौरान वन विभाग के कर्मचारियों को सुरक्षा और निगरानी से जुड़े जरूरी निर्देश दिए गए।

आगंतुकों का विवरण प्रवेश रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने वनकर्मियों से कहा कि गार्डन में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम और आवश्यक विवरण प्रवेश रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। शराब या अन्य प्रतिबंधित एवं संदिग्ध सामग्री लेकर किसी को भी परिसर में प्रवेश न दिया जाए। गार्डन के भीतर नियमित पेट्रोलिंग करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।

दुकानदारों को नशीली सामग्री नहीं बेचने की हिदायत

पुलिस अधिकारियों ने गार्डन के प्रवेश द्वार के बाहर संचालित दुकानों का भी निरीक्षण किया। दुकानदारों को शराब अथवा किसी भी प्रकार की नशीली सामग्री की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। ऐसी गतिविधियां सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

लापरवाही पर कार्रवाई के लिए पत्राचार

एसडीओपी भार्गव ने वनकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्कता और जिम्मेदारी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी कभी भी औचक निरीक्षण कर सकते हैं। ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारी को पत्र लिखा जाएगा।

सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस का उद्देश्य

निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन का बल भी रॉक गार्डन में तैनात रहा और आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई का उद्देश्य रॉक गार्डन में आने वाले पर्यटकों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना तथा असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button