रायगढ़ ब्रेकिंग : भाजपा ने जीवर्धन चौहान को महापौर प्रत्याशी घोषित किया, जानिए उनका सफर

रायगढ़: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रायगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए जीवर्धन चौहान को महापौर पद का उम्मीदवार घोषित किया है। संघ की शाखाओं से जुड़कर समाज सेवा का संकल्प लेने वाले जीवर्धन ने पार्टी के साथ अपने 29 वर्षों के राजनीतिक सफर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

रेलवे कॉलोनी, सोनकरपारा वार्ड क्रमांक 38 के निवासी जीवर्धन चौहान का जन्म 6 जनवरी 1979 को हुआ। उनके पिता किशोरीलाल चौहान का सपना था कि जीवर्धन समाज सेवा में योगदान दें। जीवर्धन ने जीवनयापन के लिए मालधक्का क्षेत्र में चर्च के पास चाय- पान की दुकान चलाई, जिसे वे अपनी राजनीतिक यात्रा के दौरान भी जारी रखते रहे। इसी बीच वर्ष 1996 में वे भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल के संपर्क में आए और औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ली।

पार्टी में जीवर्धन की सक्रियता को देखते हुए वर्ष 1998 में उन्हें वार्ड अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके बाद वर्ष 2004 में भाजयुमो नगर कार्यकारिणी में स्थान मिला और 2005 में भाजपा नगर मंत्री का दायित्व सौंपा गया। वर्ष 2006 में वे भाजयुमो नगर उपाध्यक्ष बने, जबकि 2008 में नगर महामंत्री की जिम्मेदारी निभाई। राजनीतिक कार्यकुशलता के चलते 2010 में उन्हें नगर पालिका एल्डरमैन बनाया गया और 2011 में भाजपा नगर अध्यक्ष के रूप में पार्टी की कमान सौंपी गई।

जीवर्धन चौहान ने 2019 से 2024 तक लोकसभा, विधानसभा और नगरीय निकाय चुनावों में शक्ति केंद्र संयोजक की भूमिका निभाई। राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ उन्होंने सामाजिक कार्यों में भी विशेष योगदान दिया। वर्ष 2013 में चौहान समाज ने उन्हें जिला प्रवक्ता नियुक्त किया। 18 सितंबर 2013 को पुसौर में आयोजित रायगढ़ जिला गाढ़ा चौहान समाज के महासम्मेलन में उनकी अहम भूमिका रही।

भाजपा संगठन में जीवर्धन की पकड़ को देखते हुए उन्हें प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा का मंत्री, जिला भाजपा कार्यकारिणी का सदस्य और जशपुर मोर्चा प्रभारी नियुक्त किया गया। वर्ष 2023-24 में वे विधानसभा और लोकसभा चुनावों में शक्ति केंद्र प्रभारी के रूप में सक्रिय रहे।

जीवर्धन चौहान समाज के सभी वर्गों में लोकप्रिय हैं। विनम्र स्वभाव और सरल व्यवहार के कारण वे महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के बीच गहरी पकड़ रखते हैं। उनके महापौर प्रत्याशी बनने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button