
शहर के केंद्र में स्थित इतवारी बाजार में प्रस्तावित ऑक्सीज़ोन परियोजना के खिलाफ विरोध तेज़ होता जा रहा है। कांग्रेस पार्षद संजय देवांगन ने इस निर्णय को तानाशाही करार देते हुए नगर निगम और प्रशासन की नीयत पर सवाल उठाए हैं।
देवांगन ने कहा कि पहले से विकसित ऑक्सीज़ोन की देखरेख नहीं की जा रही है, फिर शहर के बीचों-बीच इतवारी बाजार में नया ऑक्सीज़ोन बनाने की योजना क्यों बनाई गई? उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम सिर्फ किसानों और ग्रामीण व्यापारियों को परेशान करने और इतवारी बाजार को हटाने के उद्देश्य से लिया गया है।
संजय देवांगन ने नगर निगम परिसर में स्थित गार्डन की दुर्दशा का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रशासन इसे व्यवस्थित करने में असमर्थ है, जबकि एक और प्रोजेक्ट शुरू करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मांग की है कि इतवारी बाजार को उसकी वर्तमान स्थिति में बरकरार रखा जाए।
यह विवाद अब शहर में एक बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है, और नगर निगम से पारदर्शिता और स्पष्टता की मांग उठ रही है।














