
53 किसानों ने बेचा धान, 17 नवंबर के लिए 55 किसानों को जारी हुए टोकन; जिले के 112 केंद्रों में होगी समर्थन मूल्य पर खरीदी
रायगढ़, 16 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत रायगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। पहले दो दिनों में जिले की 11 समितियों में 53 किसानों से कुल 2,506.40 क्विंटल धान खरीदा गया है। खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने पटेलपाली और गढ़उमरिया धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर को खरीदी के पहले दिन दो किसानों ने 638 क्विंटल धान बेचा। वहीं 16 नवंबर को 51 किसानों से 1,868.40 क्विंटल धान की खरीदी हुई। इस तरह पहले दो दिनों में कुल 53 किसानों से 2,506.40 क्विंटल धान खरीदा गया है। आगामी 17 नवंबर के लिए 55 किसानों को 3,374.40 क्विंटल धान विक्रय के टोकन जारी किए गए हैं।
कलेक्टर ने केंद्रों में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने पटेलपाली और गढ़उमरिया उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पेयजल, बैठने, छांव, बारदाना और तौल सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खरीदे गए धान का सुरक्षित भंडारण करने को कहा, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।

जिले के 112 केंद्रों में होगी धान खरीदी
इस वर्ष रायगढ़ जिले की 79 समितियों के अंतर्गत 112 उपार्जन केंद्रों में 84,501 पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जाएगा। इन किसानों का कुल पंजीकृत रकबा 1,21,690.325 हेक्टेयर है।
पिछले खरीफ विपणन वर्ष में 69 समितियों के 105 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की गई थी। इस वर्ष 10 समितियों और 7 उपार्जन केंद्रों की वृद्धि की गई है।
अवैध धान परिवहन रोकने 20 चेक पोस्ट स्थापित
अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिले में 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट बनाए गए हैं। यहां तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके अलावा सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं।
कोचियों, बिचौलियों तथा अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तुंहर टोकन एप से घर बैठे मिलेगा टोकन
किसानों की सुविधा के लिए तुंहर टोकन मोबाइल एप के माध्यम से 24 घंटे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। किसान ओटीपी आधारित पंजीयन के बाद एप से टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा समिति स्तर पर भी टोकन जारी किए जा रहे हैं। इससे किसानों को टोकन के लिए समितियों में लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
17 प्रतिशत से अधिक नमी वाला धान नहीं खरीदा जाएगा
उपार्जन केंद्रों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार साफ-सुथरा और पर्याप्त सूखा धान ही खरीदा जाएगा। धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत निर्धारित है। तौल इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र से होगी। प्रत्येक केंद्र में किसान हेल्पडेस्क, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये और ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि वास्तविक किसानों से नियमानुसार धान खरीदी हो और उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

