क्राइमछत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़: 6 साल की मासूम से अश्लील हरकत का आरोप, 52 वर्षीय स्कूल शिक्षक गिरफ्तार

घरघोड़ा की प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक पर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई, दादी की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला; आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

रायगढ़, 16 नवंबर। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक प्राथमिक शाला के शिक्षक पर करीब 6 साल की बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। बच्ची की दादी की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 52 वर्षीय आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 12 नवंबर की दोपहर की बताई जा रही है। 13 नवंबर को जब बच्ची ने स्कूल जाने से मना कर दिया तो उसकी दादी ने कारण पूछा। इस दौरान बच्ची ने कथित तौर पर बताया कि स्कूल के शिक्षक उसे और कक्षा के एक अन्य बच्चे को दूसरे कमरे में ले गए थे और वहां अश्लील हरकत की।

बच्ची की बात सुनने के बाद दादी ने गांव के प्रमुख लोगों को घटना की जानकारी दी और डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को शिकायत दर्ज कराने के लिए घरघोड़ा थाने भेजा।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने दर्ज किया मामला

बच्ची की दादी के लिखित आवेदन पर घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी शिक्षक अजय कुमार भट्ट के खिलाफ अपराध क्रमांक 339/2026 दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 एवं 12 के तहत मामला पंजीबद्ध कर आरोपी को हिरासत में लिया।

पूछताछ और विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।

आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button