छत्तीसगढ़धर्म ज्योतिषीन्यूज़रायगढ़

रायगढ़ के हरदीझरिया में भागवत कथा का छठवां दिन, कृष्ण की बाल लीलाओं ने बांधा समां

ग्राम हरदीझरिया में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा एवं एकादशी व्रत उद्यापन समारोह में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मंगलवार को कथा के छठवें दिन भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन किया गया। माखन चोरी, पूतना वध और गोवर्धन लीला के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

माखन चोरी लीला से दिया प्रेम और समानता का संदेश

कथा व्यास पंडित रामकृष्ण दास शास्त्री ने माखन चोरी प्रसंग के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और भक्तों के प्रति उनके प्रेम का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि माखन चोरी की लीला केवल बाल सुलभ शरारत नहीं, बल्कि भक्तों के निश्छल प्रेम और निर्मल मन से जुड़ा भाव है। सखाओं के साथ माखन बांटने का प्रसंग आपसी प्रेम, समानता और मिल-जुलकर रहने का संदेश देता है।

पूतना वध और गोवर्धन लीला के प्रसंगों का वर्णन

कथा के दौरान पूतना वध और गोवर्धन पर्वत धारण की लीला का भी वर्णन हुआ। गोवर्धन प्रसंग के माध्यम से अहंकार त्यागने और प्रकृति के महत्व को समझने की सीख दी गई। भजनों की प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। पंडाल में जय श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजते रहे।

हरदीझरिया में श्रीमद्भागवत कथा के दौरान कथा सुनते श्रद्धालु
श्रीमद्भागवत कथा में शामिल श्रद्धालु

21 नवंबर तक चलेगा धार्मिक आयोजन

गांव में 12 नवंबर से शुरू हुआ यह आयोजन 21 नवंबर तक चलेगा। आयोजन में आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम के आयोजन में कंचकुवर-भोजराम पटेल, यशोदा-भरत लाल पटेल और पद्मिनी-भुवन प्रसाद पटेल परिवार का सहयोग बताया गया है।

यज्ञशाला में यज्ञाचार्य पंडित हीरालाल दुबे, पंडित योगेश दुबे और पंडित चंद्रप्रकाश मिश्रा के सानिध्य में पूजा-अर्चना एवं वैदिक अनुष्ठान जारी हैं। कथा और धार्मिक कार्यक्रमों के चलते हरदीझरिया में उत्सव जैसा वातावरण बना हुआ है।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button